शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रामानुजगंज: बस और बाइक की भीषण भिड़ंत,1 युवक की मौत, 2 गंभीर

C

CG Khabar

29 जुल. 2026, 03:09 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

रामानुजगंज । संवाददाता: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य बुरी तरह घायल हो गए. हादसा उस वक्त हुआ जब तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने दादा के अंतिम संस्कार में शामिल होने ग्राम झारा जा रहे थे. 


रास्ते में सेमरवा पंचायत भवन के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार 'अनुराग बस' और बाइक में सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि सेमरवा निवासी अनिल यादव (पिता रामाधार यादव) की मौके पर ही मौत हो गई.

विज्ञापन


घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई. हादसे में गंभीर रूप से घायल मनीष यादव (22 वर्ष) और पूनन यादव (24 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी सनवाल अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर रेफर कर दिया है.


मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक सोमवार को रामानुजगंज से लौटने के बाद शाम के वक्त झारा गांव के लिए निकले थे, तभी यह दुखद हादसा हो गया. 


घटना की खबर मिलते ही सनवाल थाना प्रभारी ब्रिज लाल भारद्वाज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मृतक अनिल यादव के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP