शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रामानुजगंज में सड़क हादसे में प्रधान पाठक की मौके पर ही मौत

C

CG Khabar

07 अप्रै. 2026, 01:33 AM 1 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले अंतर्गत रामानुजगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक प्रधान पाठक को अपनी जान गंवानी पड़ी. ग्राम चिनिया के समीप एक तेज रफ्तार बाइक ने प्रधान पाठक की मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. इस भिड़ंत में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलवाही नवापारा में कार्यरत प्रधान पाठक दयाशंकर सिंह मरकाम अपने सहयोगी अनिल मरकाम के साथ बैंकिंग कार्य के सिलसिले में रामानुजगंज की ओर जा रहे थे. 


दोपहर करीब 3:30 बजे जब वे चिनिया ग्राम के मोड़ पर पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे दो युवकों की मोटरसाइकिल उनसे सीधे टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दयाशंकर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.


हादसे में घायल हुए अनिल मरकाम सहित दूसरी बाइक पर सवार संतोषी नगर पिपराही निवासी विक्रम और सूरज मंडल (दोनों 18 वर्ष) को तत्काल एंबुलेंस के जरिए रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल ले जाया गया. 


वहां डॉक्टर सकेंद्र गुप्ता की देखरेख में घायलों का उपचार जारी है. स्थानीय पुलिस ने इस दुखद घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP