राजनांदगांव: घर में घुसकर मां-बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या, बेटी गंभीर
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में शुक्रवार रात अज्ञात हमलावर ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में 62 वर्षीय कमला सोनकर और उनके 21 वर्षीय बेटे हेमेंद्र सोनकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 वर्षीय बेटी ममता गंभीर रूप से घायल हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को खबर दी. घायल युवती को पहले डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार सब्जी बेचकर अपना गुजर-बसर करता है. वारदात के समय मृतका का पति घर पर मौजूद नहीं था.
पुलिस को आशंका है कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे कोई पारिवारिक या नजदीकी विवाद हो सकता है.
फिलहाल पुलिस संदेही रिश्तेदार की तलाश में जुटी है, हालांकि हत्या के सटीक कारणों और आरोपी की पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. डोंगरगढ़ एसडीएम (एसडीओपी) केसरी नंदन नायक ने बताया कि फॉरेंसिक टीम और पुलिस हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर रही है तथा मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा.