रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायपुर: पार्किंग मैनेजर से चाकूबाजी 3 गिरफ्तार

C

CG Khabar

15 जून 2025, 01:29 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

चाकूबाजी
चाकूबाजी

रायपुर । संवाददाता: राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर में शनिवार को हुये हमले के मामले में पुलिस ने पार्किंग के मैनेजर पर चाकू से हमला करने और नकदी लूटने के आरोप में तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पकड़े गये आरोपियों में गंज थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश और हिस्ट्रीशीटर शेख हुसैन भी शामिल है.


घटना शनिवार को तब घटी थी जब कुछ बदमाशों ने स्टेशन पार्किंग में जमकर हंगामा किया और पार्किंग प्रभारी को चाकू मारकर घायल कर दिया. आरोपियों ने मैनेजर से 10 से 15 हजार रुपये की नगदी लूट ली थी और मौके से फरार हो गये थे. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिससे शहर में सनसनी फैल गई थी.

विज्ञापन


इस मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हुई और आरोपी शेख हुसैन को गोंदवारा क्षेत्र से, जबकि उसके दो साथी मनीष गजभिए और पप्पू साहू को चुना भट्टी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल तीनों से पूछताछ की जा रही है.


जानकारी के अनुसार, शेख हुसैन के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के तहत लगभग 12 से 15 मामले दर्ज हैं. तीन महीने पहले उसे जिले से बाहर करने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन लौटते ही उसने यह गंभीर वारदात कर डाली. वहीं मनीष और पप्पू पर गंज, आजाद चौक और जीआरपी थाना क्षेत्रों में विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं.


पूरा मामला जीआरपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है और पुलिस इसे एक पूर्व नियोजित हमला मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है. शहर में इस तरह की वारदातों को रोकने के लिए पुलिस ने निगरानी गुंडों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिये हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP