शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायपुर: छात्रों ने मांगा छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा

C

CG Khabar

27 जुल. 2026, 12:26 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

छात्र प्रदर्शन
छात्र प्रदर्शन

रायपुर । संवाददाता: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को अपनी बड़ी जीत बताते हुए रविवार को सैकड़ों छात्रों ने राजधानी रायपुर के आंबेडकर चौक पर हुंकार भरी. दिल्ली से शुरू हुए इस आंदोलन को अब छत्तीसगढ़ स्थानांतरित करते हुए छात्रों ने राज्य के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग की है. 


छात्र जगदलपुर की 20 वर्षीय छात्रा हारिका राव नायडू की खुदकुशी के मामले में इंसाफ और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं.


गौरतलब है कि 16 जुलाई को जारी नीट री-एग्जाम के नतीजों में कम अंक आने से हताश होकर जगदलपुर की हारिका राव ने आत्महत्या कर ली थी. यह उनका तीसरा प्रयास था. 


इस घटना से आक्रोशित छात्रों ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में तिरंगा, संविधान की प्रतियां, गुलाब के फूल और व्यंग्यात्मक तख्तियां हाथों में लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया.


छात्र नेताओं ने इस गैर-राजनीतिक आंदोलन के 'दूसरे चरण' का ऐलान करते हुए कहा कि अब ध्यान पूरी तरह से छत्तीसगढ़ की समस्याओं पर केंद्रित होगा. 


उन्होंने राज्य की सरकारी परीक्षाओं में बार-बार होने वाली धांधली, ऑनलाइन चीटिंग, स्कूलों के कुप्रबंधन और उच्च शिक्षा की कमियों को उजागर करते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की.


प्रदर्शनकारियों ने मृतक छात्रा हारिका राव के परिवार के लिए उचित मुआवजे, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और दोषी जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग रखी है. 


बिलासपुर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक राज्य की शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार नहीं होते और उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP