रायपुर: संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने से मचा हड़कंप
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रावांभाटा इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक घर से देशी बम बनाने की संदिग्ध सामग्री बरामद की गई. पुलिस, बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को एक बैग से बैटरी, तार, एयर गन, रसायनों की दो बोतलें और डेटोनेटर जैसी दिखने वाली वस्तुएं मिली हैं. शुरुआती जांच में पता चला है कि यह बैग बिरगांव निवासी विनय देवांगन नामक व्यक्ति ने वहां रखा था, जिसे कथित तौर पर एक कांग्रेस नेता का साला बताया जा रहा है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही की जाएगी.
यह मामला रविशंकर शुक्ल वार्ड का है, जहां पुष्पा साहू नामक एक मितानिन के घर पर यह सामग्री मिली. पुलिस के अनुसार, विनय देवांगन बुधवार शाम को पुष्पा साहू के घर पहुंचा और कुछ देर के लिए बैग रखने का अनुरोध किया. उसके जाने के बाद पुष्पा को शक हुआ, जिसकी जानकारी उन्होंने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को दी.
गुरुवार सुबह पार्षद और स्थानीय निवासियों ने जब बैग की जांच की, तो उसमें एयर गन और संदिग्ध उपकरण देख पुलिस को सूचित किया.
मौके पर पहुंचे डीसीपी (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने बताया कि बैग में पटाखों में इस्तेमाल होने वाला कम तीव्रता वाला बारूद (गनपाउडर) भी मिला है. फिलहाल खमतराई पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और विनय देवांगन से पूछताछ की तैयारी की जा रही है ताकि इन सामग्रियों के स्रोत और उद्देश्य का पता लगाया जा सके.