रायपुर Hit & Run: तेज रफ्तार स्कोडा की टक्कर से बलेनो सवार वृद्ध की मौत, 3 घायल
रायपुर के तेलीबांधा थाना अंतर्गत अग्रसेन धाम चौक पर आधी रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक वृद्ध की जान चली गई, जबकि महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. शादी समारोह से लौट रहे परिवार की गाड़ी को तेज रफ्तार स्कोडा ने टक्कर मार दी.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना अंतर्गत अग्रसेन धाम चौक पर आधी रात एक खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है. नया रायपुर में आयोजित अपनी भतीजी के शादी समारोह से वापस लौट रहे एक परिवार की बलेनो कार को तेज रफ्तार स्कोडा कार ने जबरदस्त टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में बलेनो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई.
वहीं, कार में मौजूद श्याम नगर निवासी एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्कोडा सवार युवक एमजी रोड स्थित एक भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम जाम छलकाते दिख रहे हैं. वहां मौजूद एक नागरिक ने युवकों द्वारा शराब पिए जाने का यह वीडियो अपने कैमरे में कैद कर लिया था.
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना और सार्वजनिक स्थान पर मयखोरी के इस वीडियो का आपस में क्या संबंध है, यह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा.
दुर्घटना के वक्त स्कोडा वाहन में चार युवक सवार थे, जिन्हें टक्कर के दौरान चोटें भी आई थीं. हालांकि, हादसे के तुरंत बाद चारों आरोपी अपनी कार को घटनास्थल पर ही छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गए. घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्कोडा कार को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार युवकों की तलाश में जुट गई है.