छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आंधी-बारिश और ओले
सरगुजा में आंधी-पानी और ओले
रायपुर | संवाददाता : छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को मौसम ने अपने तेवर बदले और सरगुजा के कई इलाकों में बरसात जैसा माहौल हो गया. सरगुजा संभाग का बलरामपुर इलाका तो ओले से पट गया. संभाग के अलग-अलग इलाकों में जम कर आंधी-पानी के साथ ओले गिरे.
इस ओलेबारी के कारण सब्जी की फसल को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है. इसी तरह महुआ और आम की फसल भी आज की ओलेबारी से प्रभावित होगी.
मौसम विभाग ने पिछले सप्ताह ही राज्य के सभी संभाग में मौसम के बदलने की चेतावनी जारी की थी.
छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में आज न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा.
दोपहर में पारा 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचा और हवा की गति 12.24 के आसपास रही. आम तौर पर हवा 334 डिग्री के आसपास चली और हवा की गति 13.52 के आसपास रही.
मौसम को लेकर अनुमान है कि शनिवार को 34 डिग्री सेल्सियस, रविवार को 35 डिग्री सेल्सियस, सोमवार को 37 डिग्री सेल्सियस, मंगलवार को 39 डिग्री सेल्सियस, बुधवार को 41 डिग्री सेल्सियस और गुरुवार को 42 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंचेगा.
खेतों में बर्फ की चादर बिछी
शुक्रवार को सरगुजा और बलरामपुर समते कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई. करीब ढाई घंटे तक हुई ओलावृष्टि से कोटपाली लहसुनपाट और सामरीपाट का इलाका बर्फ की चादरों से ढक गया.
बेमैसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई है. वहीं ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है. गेहूं, चना, सब्जी और मक्का की खड़ी फसलें बर्बाद होने की आशंका किसानों ने व्यक्त की है.
गाज गिरने से बुजुर्ग की मौत
सरगुजा संभाग में मौसम बदलने का असर गुरुवार दोपहर से ही दिखाई देने लगा था. शाम होते ही तेज हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बूंदा बांदी हुई थी.
इस बीच बलरामपुर जिले के गणेशमोड़ में तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरी. जिसकी चपेट में आने से एक बुजुर्ग इरफान खान की मौत हो गई और वहीं पर मौजूद हसनात खान घायल हो गए.
बताया गया कि दोनों कंदरी से बलरामपुर आ रहे थे. बीच रास्ते में मौसम खराब होने पर एक झोपड़ी के पास बारिश से बचने रूके हुए थे. इसी दौरान गाज गिरने से दोनों चपेट में आ गए.
कोरिया में रुक-रुक कर बारिश
शुक्रवार को सरगुजा जिले में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई है. इधर सूरजपुर, कोरिया समेत अन्य जिले में तेज आंधी के साथ करीब आधे घंटे तक बारिश हुई.
कोरिया जिले में कहीं तेज तो कहीं रुक-रुक कर बारिश हो रही है. तेज आंधी और बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है. रबी की फसलों को इस बारिश से काफी नुकसान हुआ है.
मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को सरगुजा संभाग के अलावा प्रदेश के अन्य संभाग रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और बस्तर संभाग के जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है.