कौवों की लड़ाई से ट्रेन रुकी 3 घंटे तक
पटना । डेस्क: पटना में दो कौंवो की लड़ाई की वजह से जानकी एक्सप्रेस को 3 घंटे से ज्यादा रुकना पड़ा. भारतीय रेलवे में आये दिन कोई न कोई समस्या सामने आती रहती है. कभी सिग्नलिंग में खराबी, कभी कोहरे की वजह से देरी, तो कभी हाईटेंशन तार टूटने से हंगामा.
लेकिन क्या आपने कभी सुना कि दो कौवों की लड़ाई की वजह से एक एक्सप्रेस ट्रेन को घंटों खड़ा रहना पड़ा? यह कोई मजाक नहीं, बल्कि हकीकत है.
शनिवार को बिहार के खजौली-जयनगर-दरभंगा रेल खंड पर खजौली रेलवे स्टेशन के पास जनकी एक्सप्रेस को 3 घंटे 40 मिनट तक रुकना पड़ा. इसका कारण था दो कौवों की आपसी लड़ाई. इस घटना ने यात्रियों को भारी परेशानी में डाल दिया.
जानकारी के अनुसार, आउटर सिग्नल के पास हाईटेंशन तार टूट गया, जिसके चलते ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया. जांच में पता चला कि यह तार दो कौवों की लड़ाई की वजह से टूटा. दरअसल, दोनों कौवे आपस में झगड़ते हुए हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गये. इससे न केवल दोनों कौवे जल गये, बल्कि तार भी क्षतिग्रस्त हो गया.
इसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित होने पर लोको पायलट को इमरजेंसी ब्रेक लगाना पड़ा और जनकी एक्सप्रेस को रोकना पड़ा. रेल अधिकारियों को सूचना दी गई और करीब साढ़े तीन घंटे की मरम्मत के बाद ट्रेन सेवा सामान्य हो सकी. बताया गया कि ट्रेन सुबह 5:10 बजे से 8:40 बजे तक रुकी रही.
यात्रियों ने जब देरी का कारण पूछा, तो रेल अधिकारियों का जवाब सुनकर वे हैरान रह गये. इस अनोखी घटना ने एक बार फिर रेलवे की तकनीकी व्यवस्था पर सवाल उठाये हैं.