रायगढ़: 6 साल की मासूम को शिक्षक ने दिखाया अपना प्राईवेट पार्ट, पहुंचा सलाखों के पीछे
रायगढ़ के घरघोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक प्राथमिक स्कूल में शिक्षक अजय कुमार द्वारा 6 वर्षीय छात्रा और एक अन्य बालक को बहला-फुसलाकर दूसरे कमरे में ले गया था. वहां शिक्षक कुर्सी पर बैठ गया और दोनों बच्चों के सामने अपना प्राइवेट पार्ट दिखाने लगा. नानी की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक सरकारी स्कूल के शिक्षक की शर्मनाक करतूत सामने आई है, जहां घरघोड़ा थाना क्षेत्र में 6 साल की एक मासूम छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब घटना से डरी-सहमी बच्ची ने स्कूल जाने से इनकार कर दिया.
शुक्रवार को जब बच्ची की नानी ने उससे स्कूल न जाने का कारण पूछा, तो मासूम ने अपने साथ हुई इस घिनौनी घटना की पूरी जानकारी दी.
बच्ची की आपबीती सुनकर नानी के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत गांव के प्रमुख लोगों को इस बारे में अवगत कराया. इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला को उचित कार्रवाई के लिए घरघोड़ा थाने भेजा. पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची की उम्र 6 साल 4 महीने है और वह क्षेत्र के एक प्राथमिक स्कूल में पढ़ाई करती है.
पीड़िता ने अपनी नानी को बताया कि बीते 12 नवंबर की दोपहर स्कूल के 52 वर्षीय शिक्षक अजय कुमार, जो ग्राम ठूसेकेला का निवासी है, उसे और कक्षा के ही एक अन्य बालक को बहला-फुसलाकर दूसरे कमरे में ले गया था. वहां शिक्षक कुर्सी पर बैठ गया और दोनों बच्चों के सामने अपना प्राइवेट पार्ट दिखाने लगा.
शिक्षक की इस अश्लील हरकत को देखकर बच्ची घबरा गई और तुरंत कमरे से बाहर निकल आई, जिसके बाद से वह स्कूल जाने से डरने लगी थी.
नानी की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी शिक्षक अजय कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 8 व 12 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की और आवश्यक विवेचना पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस द्वारा इस मामले में आगे की जांच जारी है.