कोरबा के कटघोरा में पिता के हमले से ढाई माह के मासूम की मौत, पत्नी घायल
कटघोरा के सलोरा गांव में पारिवारिक विवाद और चरित्र संदेह ने एक मासूम की जान ले ली. मां की गोद में दूध पी रहे ढाई महीने के सोमू के सिर पर पिता द्वारा किए गए लकड़ी के हमले से गंभीर चोट आई, जिससे अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई.
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सलोरा गांव में पारिवारिक कलह और चरित्र संदेह के चलते एक पिता ने अपने ही ढाई महीने के मासूम बेटे की जान ले ली. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 वर्षीय आरोपी द्वारिका प्रसाद केंवट के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
पीड़िता द्वारा कटघोरा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उसका पति द्वारिका प्रसाद अक्सर उसके चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर आए दिन गाली-गलौज व मारपीट करता था.
15 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे जब महिला अपने छोटे बेटे सोमू को गोद में लेकर दूध पिला रही थी, तभी आरोपी पति ने विवाद शुरू कर दिया. उसने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर पास में रखी जलाऊ लकड़ी उठाकर हमला कर दिया.
अचानक हुए इस हमले से अपना सिर बचाने के लिए मां ने अपना हाथ आगे किया, जिससे उसकी दाहिनी कलाई में चोट आ गई. हालांकि, इस दौरान मां की गोद में मौजूद मासूम सोमू इस क्रूर प्रहार की चपेट में आ गया और उसके सिर के बाएं हिस्से में गंभीर चोट लगने के साथ सूजन आ गई.
घर में मची चीख-पुकार को सुनकर बच्चे के बड़े पिता राजू केंवट और बड़ी मां सुमित्रा केंवट तत्काल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला.
परिजनों ने बिना देर किए घायल मां और बेटे को उपचार के लिए कटघोरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल में चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद गंभीर रूप से घायल ढाई माह के सोमू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि घायल महिला का उपचार अभी भी जारी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.