रायगढ़ मर्डर मिस्ट्री: खाने के विवाद में दोस्त बना कातिल
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित तमनार थाना क्षेत्र के मिलूपारा में हुई चौकीदार लखन चौधरी की संदिग्ध मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. जिसे शुरुआत में एक सामान्य मौत या अज्ञात हमलावरों की करतूत समझा जा रहा था, वह दरअसल आपसी रंजिश और क्षणिक गुस्से का नतीजा निकली.
पुलिस ने इस मामले में मृतक के ही साथी अजहर अली को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि महज खाना बनाने जैसी मामूली बात पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें अजहर ने लखन की बेरहमी से हत्या कर दी.
घटनाक्रम के अनुसार, 10 मार्च की सुबह बिजली कंपनी के टावर की रखवाली करने वाले लखन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था. आरोपी अजहर ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के लिए एक मनगढ़ंत कहानी सुनाई कि 4-5 अज्ञात बदमाशों ने उन पर हमला किया था.
हालांकि, डॉग स्क्वायड और एफएसएल की जांच के बीच पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में एक चौंकाने वाला सुराग मिला. मृतक के मुंह से प्लास्टिक का एक छोटा टुकड़ा बरामद हुआ, जिसने पुलिस के शक की सुई अजहर की तरफ घुमा दी. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
उसने बताया कि विवाद के दौरान उसने टॉर्च से लखन के चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए और फिर गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया. साक्ष्य मिटाने के लिए उसने खून से सनी टॉर्च को धो दिया था और अपने कपड़े जला दिए थे, लेकिन वैज्ञानिक जांच के आगे उसकी चालाकी धरी की धरी रह गई.