शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

नक्सलवाद को लेकर गड़बड़ कर रहे राहुल गांधी- गृहमंत्री

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में गृहमंत्री विजय शर्मा ने राहुल गांधी पर बयान दिया

C

CG Khabar

18 मई 2025, 08:39 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

गृहमंत्री विजय शर्मा
गृहमंत्री विजय शर्मा

जगदलपुर | संवाददाताः बस्तर पहुंचे छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. गृहमंत्री विजय शर्मा का कहना है कि नक्सलवाद को लेकर राहुल गांधी की सोच स्पष्ट नहीं है.


उन्होंने कहा कि देश के कई बड़े संकटों में से एक संकट नक्सलवाद है और इसमें भी राहुल गांधी गड़बड़ कर रहे हैं. गृहमंत्री ने कहा कि यह समाज की सुरक्षा की बात है और इतने बड़े अभियान का विषय है.


ऐसे में नक्सल समस्या को लेकर उनकी दिशा सही होना चाहिए, लेकिन राहुल गांधी की सोच स्पष्ट नहीं है.


दरअसल सुकमा में चिंगावरम घटना की बरसी पर मारे गए लोगों के परिवार से मिलने के बाद विजय शर्मा जगदलपुर पहुंचे और रविवार को पत्रकारों से प्रेस वार्ता के दौरान राहुल गांधी को लेकर उन्होंने यह बयान दिया है.


विजय शर्मा ने यह भी कहा कि नक्सलवाद के समाधान के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी गंभीर नहीं है. नक्सलवाद - आतंकवाद जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी को क्षेत्र के अनुरूप व्यवहार करना चाहिए.


उन्होंने कहा कि ऐसे मसलों पर राहुल गांधी गड़बड़ कर रहे हैं. उन्होंने झारखंड का उदाहरण देते हुए कहा कि झारखंड में गैर भाजपा सरकार है, लेकिन नक्सलवाद के समाधान पर यहां ज्यादा बेहतर काम हुआ है.


हालांकि गृहमंत्री शर्मा ने यह स्पष्ट नहीं किया कि राहुल गांधी क्या गड़ब़ड़ कर रहे हैं.


चिट्ठी से शांति वार्ता संभव नहीं 

वहीं नक्सलियों द्वारा शांति वार्ता के लिए जारी प्रेस नोट में गृहमंत्री विजय शर्मा के द्वारा सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिलने के सवाल पर गृहमंत्री ने कहा कि अच्छी बात है कि अगर माओवादी संगठन केंद्र सरकार से बात करना चाहते हैं.


इसका स्वागत है, लेकिन पहले बात करना चाहिए केवल चिट्ठी निकाल-निकाल कर बात नहीं हो सकती. शांति वार्ता के लिए कैसे चर्चा की शुरुआत हो सकती है इसकी सूरत बनना चाहिए.


केंद्र और राज्य सरकार शांतिवार्ता के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. माओवादी संगठन से कोई बड़ा चेहरा सामने आएगा तभी बात हो सकती है.


उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर में सुकमा के बाद बीजापुर और नारायणपुर में भी ग्राम पंचायतें खुद को नक्सली मुक्त बनाएं.


इसके लिए प्रयास किया जाएगा, गृहमंत्री ने सुकमा जिले के बड़े सट्टी का उदाहरण देते हुए कहा की इस पंचायत को एक करोड़ रुपए के काम दिए जा रहे हैं, जिसमें नेटवर्क से लेकर गांव के हर हिस्से तक बिजली पहुंचाने का काम प्राथमिकता से किया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP