राहुल गांधी और 25 कांग्रेस सांसदों को जान से मारने की धमकी
नई दिल्ली । डेस्क: लोकसभा में बजट सत्र के दौरान स्पीकर ओम बिरला के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर विपक्षी नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के 25 सांसदों को जान से मारने की धमकी दी गई है. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दक्षिणपंथी संगठन करणी सेना का एक सदस्य राहुल गांधी को सीधे तौर पर चेतावनी देते हुए कह रहा है कि यदि दोबारा ऐसा हुआ तो वे घर में घुसकर गोली मार देंगे.
करणी सेना के सदस्य ने 24 घंटे के भीतर सांसदों पर कार्रवाई न होने पर उन्हें जान से मारने की बात कही है.
इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इसे एक "सुनियोजित और कुटिल साजिश" का हिस्सा बताया है. खेड़ा ने एक्स पर लिखा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि विपक्ष को बदनाम करने और हिंसा को जायज ठहराने की कोशिश है.
उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके द्वारा फैलाए गए कथित झूठ के बाद ही इस तरह की नफरत को हवा मिली है.
पवन खेड़ा ने इस स्थिति की तुलना ऐतिहासिक संदर्भों से करते हुए चेतावनी दी कि जिस तरह नफरत फैलाकर गोडसे को तैयार किया गया था, आज फिर उसी तरह की उकसावे वाली कार्रवाई की जा रही है. गौरतलब है कि करणी सेना इससे पहले भी कई विवादों और हमलों में शामिल रही है.