दिल्ली में भीषण आग का तांडव: 20 लोगों की मौत
नई दिल्ली । डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में आज सुबह एक होटल में भीषण आग लगने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में दमकल कर्मियों और बचाव दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है.
यह भयानक हादसा मालवीय नगर के हौज रानी की तंग गलियों में स्थित 'मिकासा इन' (Micasa Inn) होटल में हुआ. बताया जा रहा है कि पांच मंजिला इस होटल के बेसमेंट में एक रेस्टोरेंट संचालित था, जहां सुबह करीब 8:50 बजे अचानक आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे के वक्त होटल के करीब 25 कमरों में लगभग 40 मेहमान मौजूद थे, जिनमें से अधिकांश लोग उस समय सो रहे थे. इनमें इलाज के लिए भारत आए कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल थे. सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में लोग जान बचाने के लिए जलती हुई इमारत से नीचे कूदते हुए भी नजर आए.
होटल के रेस्टोरेंट में काम करने वाले शेफ केसर सिंह ने उस खौफनाक मंजर को याद करते हुए बताया कि सुबह करीब 8:00 बजे जब उन्होंने इलेक्ट्रिक चूल्हा चालू करने की कोशिश की, तो अचानक लपटें उठने लगीं. उन्हें तुरंत अहसास हुआ कि पूरे होटल में आग फैल चुकी है, जिसके बाद उन्होंने अपने सहायक को सतर्क किया और किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई.
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए और कैट्स एम्बुलेंस सहित तमाम आपातकालीन एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं.
तंग रास्ता होने के बावजूद दमकल की दो गाड़ियों, दो वाटर बाउजर और क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया. आग लगने के असली कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है.
इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है. पीएम मोदी ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा, "मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं."
वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस त्रासदी पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हर संभव चिकित्सा सहायता और सहयोग दिया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने आपातकालीन सेवाओं की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि टीमों की त्वरित कार्रवाई की वजह से कई लोगों की जान बचाई जा सकी. इस संकट की घड़ी में दिल्ली सरकार पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है.