शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

क्वेटा ट्रेन धमाका: 24 पाक सैनिकों की मौत, 100 से अधिक घायल

C

CG Khabar

24 मई 2026, 07:29 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

क्वेटा ट्रेन धमाका
क्वेटा ट्रेन धमाका

नई दिल्ली । डेस्क: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार सुबह एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें कम से कम दो दर्जन पाकिस्तानी सैन्य कर्मियों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह धमाका क्वेटा के 'चमन फाटक' के पास उस समय हुआ, जब क्वेटा सैन्य छावनी से यात्रियों को लेकर रवाना हुई एक शटल ट्रेन ने कुछ ही दूरी तय की थी. इस हमले में एक आत्मघाती वाहन (SVB-IED) का इस्तेमाल किया गया, जिसने सीधे ट्रेन को निशाना बनाया.


प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के मजीद ब्रिगेड ने इस "फिदायीन हमले" की जिम्मेदारी ली है. संगठन का दावा है कि उनके इस हमले का मुख्य उद्देश्य ट्रेन में सफर कर रहे पाकिस्तानी सेना के जवानों को निशाना बनाना था. 


विस्फोट के समय ट्रेन में 300 से अधिक पाकिस्तानी सैन्य कर्मी सवार थे. धमाका इतना जोरदार था कि ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह तबाह हो गई और ट्रेन पटरी से उतर गई, जिसके तुरंत बाद वहां भीषण आग लग गई. विस्फोट के कारण आस-पास के घरों और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है.


घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और आपातकालीन सेवाओं ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. सभी घायलों को इलाज के लिए क्वेटा के स्थानीय सिविल अस्पताल, एफसी अस्पताल और सीएमएच (सैन्य अस्पताल) में भर्ती कराया गया है. 


सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और मलबे से यात्रियों को निकालने का काम जारी है. अधिकारियों का अंदेशा है कि मलबे से और शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है.


बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि उनके आत्मघाती दस्ते 'मजीद ब्रिगेड' ने क्वेटा कैंट से सेना के जवानों को ले जा रही ट्रेन को एक बेहद सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया है. संगठन ने कहा कि इस अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी और पाकिस्तानी सेना को पहुंचे नुकसान का पूरा विवरण जल्द ही मीडिया के लिए जारी किया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP