मुंबई से हावड़ा रूट पर चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, देखें- शेड्यूल और स्टॉपेज
बिलासपुर । संवाददाता: आगामी त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) और हावड़ा के पास सांतरागाछी के बीच एक विशेष पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया गया है.
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल चार-चार फेरे लगाएगी. इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को भीड़भाड़ से बचाना और उन्हें कंफर्म सीट के साथ आरामदायक सफर का अनुभव प्रदान करना है.
इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक 22 एलएचबी (LHB) कोच लगाए जाएंगे. इनमें 15 एसी-III, 3 एसी-II, 1 एसी-I के साथ-साथ 2 पावरकार और 1 पेंट्रीकार शामिल होंगे, ताकि लंबी दूरी के सफर में खान-पान और अन्य सुविधाओं में कोई परेशानी न हो.
यात्रा के दौरान यह ट्रेन दोनों दिशाओं में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इसके मुख्य ठहराव में ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, अकोला, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर और खड़गपुर शामिल हैं.
शेड्यूल की बात करें तो गाड़ी संख्या 01107 एलटीटी-सांतरागाछी स्पेशल 6 से 27 अक्टूबर 2026 तक हर मंगलवार को रात 20:20 बजे एलटीटी से रवाना होगी. रास्ते में गोंदिया (12:04 बजे), दुर्ग (14:15 बजे), रायपुर (14:55 बजे), बिलासपुर (16:45 बजे) और रायगढ़ (18:33 बजे) होते हुए तीसरे दिन सुबह 05:00 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी.
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 01108 सांतरागाछी-एलटीटी स्पेशल 8 से 29 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को सुबह 11:00 बजे सांतरागाछी से छूटेगी. यह ट्रेन रायगढ़ (20:08 बजे), बिलासपुर (22:25 बजे), रायपुर (रात 00:05 बजे), दुर्ग (01:10 बजे) और गोंदिया (03:08 बजे) होते हुए अगले दिन रात 21:30 बजे एलटीटी पहुंचेगी. रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे सफर शुरू करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर समय सारणी की जांच कर लें.