वेनेजुएला में एमनेस्टी बिल से रिहा होंगे कैदी- डेल्सी रोड्रिगेज
नई दिल्ली । डेस्क: वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच एक व्यापक माफी विधेयक (एमनेस्टी बिल) पेश करने का बड़ा फैसला लिया है. अमेरिकी सेना द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी की हिरासत के बाद रोड्रिगेज का यह अब तक का सबसे महत्वपूर्ण सुधार माना जा रहा है.
शुक्रवार को न्यायिक अधिकारियों और सैन्य नेतृत्व को संबोधित करते हुए रोड्रिगेज ने स्पष्ट किया कि इस कानून के तहत साल 1999 से अब तक हुई राजनीतिक हिंसा से जुड़े मामलों को कवर किया जाएगा.
उन्होंने नेशनल असेंबली से इस बिल को प्राथमिकता के आधार पर पारित करने का आग्रह किया है ताकि देश में राजनीतिक टकराव से पैदा हुए घावों को भरा जा सके और सामाजिक सामंजस्य को फिर से स्थापित किया जा सके.
इस ऐतिहासिक घोषणा के साथ ही रोड्रिगेज ने काराकास स्थित कुख्यात जेल 'अल हेलिकोइड' को भी बंद करने का आदेश दिया है. मानवाधिकार संगठनों द्वारा प्रताड़ना के केंद्र के रूप में पहचानी जाने वाली इस जेल को अब एक खेल, सामाजिक और सांस्कृतिक केंद्र में तब्दील किया जाएगा.
हालांकि, कैदियों के अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन 'फोरो पेनल' ने इस पहल का स्वागत करते हुए यह शर्त भी रखी है कि यह माफी बिना किसी भेदभाव के सभी पर लागू होनी चाहिए और इसे दमनकारी तंत्र को खत्म करने की दिशा में एक कदम होना चाहिए.
आंकड़ों के अनुसार, मादुरो के हटने के बाद अब तक लगभग 302 लोगों को रिहा किया जा चुका है, जबकि सरकार का दावा है कि यह संख्या 600 के पार है.