प्रयागराज: राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की अनुमति रद्द, भड़के कांग्रेस नेता
प्रयागराज । डेस्क: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 8 अगस्त को आयोजित होने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' को बड़ा झटका लगा है. कार्यक्रम स्थल के आयोजक कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट ने केपी कॉलेज ग्राउंड में इस आयोजन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है.
ट्रस्ट का कहना है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक पुराने आदेश के तहत इस मैदान का इस्तेमाल केवल खेल और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए ही किया जा सकता है. इसके अलावा, बारिश के कारण मैदान में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं.
आयोजन की अनुमति रद्द होने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र फीस वृद्धि और सीटों में कटौती के खिलाफ अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी सुनने के बजाय एफआईआर दर्ज कर रही है.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार की नीति युवाओं की आवाज दबाने की है. उन्होंने कहा कि प्रयागराज में छात्रों के मुद्दों को सुनने का फैसला करते ही प्रशासन उन्हें रोकने की कोशिशों में जुट गया, लेकिन सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले, वह उन्हें छात्रों की आवाज उठाने से नहीं रोक सकती.
उधर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने प्रयागराज पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और स्पष्ट किया कि राहुल गांधी तय कार्यक्रम के अनुसार 8 अगस्त को प्रयागराज जरूर आएंगे और छात्रों से संवाद करेंगे.
अजय राय ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन से कार्यक्रम के लिए तुरंत वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है.
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार राहुल गांधी के बढ़ते प्रभाव से डरी हुई है और राजनीतिक कारणों से इस कार्यक्रम में रोड़े अटकाए जा रहे हैं. कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि इससे पहले कोटा और देहरादून में भी राहुल गांधी के कार्यक्रमों को इसी तरह रोकने का प्रयास किया गया था.