पीएम मोदी ने सुशीला कार्की से की बातचीत, शांति और समर्थन का वादा
नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरूवार को नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री श्रीमती सुशीला कार्की के साथ टेलीफोन पर बातचीत की. इस दौरान उन्होंने श्रीमती कार्की को उनकी नियुक्ति पर बधाई दी और भारत सरकार तथा भारतीय जनता की ओर से शुभकामनाएं दीं.
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल में हाल के विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई जान-माल की हानि पर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने नेपाल में शांति और स्थिरता की बहाली के लिए भारत के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया.
साथ ही, उन्होंने दोनों देशों के बीच विशेष संबंधों को और मजबूत करने के लिए निकट सहयोग जारी रखने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई.
नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री श्रीमती सुशीला कार्की ने भारत के दृढ़ समर्थन के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया और दोनों देशों के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ करने की इच्छा व्यक्त की.
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के आगामी राष्ट्रीय दिवस के लिए भी शुभकामनाएं दीं. दोनों नेताओं ने भविष्य में निरंतर संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई.