पीएम मोदी की अपील: ईंधन कम जलाएं, 'वर्क फ्रॉम होम' अपनाएं
विदेशी मुद्रा बचाने के लिए पीएम मोदी की अपील: ईंधन कम जलाएं, 'वर्क फ्रॉम होम' अपनाएं
हैदराबाद । डेस्क: वैश्विक ऊर्जा संकट और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने के लिए नागरिकों और व्यवसायों से एक विशेष अपील की है. तेलंगाना में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और उर्वरकों की कीमतों में आए भारी उछाल के कारण देश के आर्थिक संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है, जिसे कम करने के लिए जनभागीदारी अनिवार्य है.
उन्होंने सुझाव दिया कि नागरिक निजी वाहनों के स्थान पर सार्वजनिक परिवहन, विशेषकर मेट्रो रेल सेवाओं का अधिक उपयोग करें और कारपूलिंग जैसे विकल्पों को बढ़ावा दें. प्रधानमंत्री ने पर्यावरण और अर्थव्यवस्था दोनों के हित में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने और रेलवे की पार्सल सेवाओं का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया.
संकट के समाधान के रूप में पीएम मोदी ने कोरोना काल के अनुभवों को याद दिलाते हुए कंपनियों और कर्मचारियों से 'वर्क-फ्रॉम-होम' की संस्कृति को फिर से जीवित करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों, वर्चुअल मीटिंग्स और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ने महामारी के दौरान हमारी कार्यक्षमता को बनाए रखा था, और आज ऊर्जा खपत को घटाने के लिए इन आदतों को फिर से अपनाने का सही समय है.
इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने एक कड़ा रुख अपनाते हुए देशवासियों से अगले एक साल तक सोने की खरीदारी और विदेश यात्राओं को टालने का अनुरोध किया ताकि विदेशी मुद्रा की बचत की जा सके.
उन्होंने घरेलू आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए खाद्य तेल के उपभोग में कटौती करने, रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर प्राकृतिक खेती को अपनाने और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की.
हालांकि, प्रधानमंत्री के इन सुझावों पर राजनीतिक घमासान भी शुरू हो गया है. कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ऊर्जा सुरक्षा पर कोई ठोस नीति बनाने के बजाय अपनी विफलताओं का बोझ आम जनता पर डाल रहे हैं और उन्हें असुविधा की ओर धकेल रहे हैं. विपक्ष ने इसे एक संभावित आर्थिक संकट की आहट बताते हुए सरकार की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. File Photo