रायपुर जेल के अंदर जिम और सेल्फी, अधिकारी निलंबित
रायपुर जेल के अंदर जिम और सेल्फी
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद एक आरोपी का जिम करते और सेल्फी लेते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. जेल में बंद होने के बावजूद आरोपी सोशल मीडिया पर एक्टिव बताया जा रहा है. वायरल वीडियो और तस्वीरें 13 से 15 अक्टूबर के बीच की बताई जा रही हैं.
वायरल वीडियो में दिख रहा आरोपी मोह. रशीद अली उर्फ राजा बैझड़ है, जो सेंट्रल जेल की बैरक नंबर 15 में बंद है. बताया जा रहा है कि उसने जेल के अंदर ही अपने साथियों के साथ वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर अपलोड कराया.
रशीद अली पर 2014 से अब तक कोतवाली और टिकरापारा थानों में 10 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं.
वर्तमान में वह NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत गिरफ्तार होकर 11 जुलाई 2025 से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर जेल के अंदर से भी वसूली और नशे का नेटवर्क चलाने का आरोप है.
जेल प्रशासन पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जेल प्रशासन पर सवाल उठाए हैं कि आखिर बंदियों को मोबाइल फोन और अन्य सुविधाएं जेल के अंदर कैसे मिल रही हैं?
सूत्रों के अनुसार, जेल के कुछ कर्मचारियों की मदद से रशीद अली को मोबाइल उपलब्ध कराया गया था. बताया जा रहा है कि उसने पहले किसी रिश्तेदार को वीडियो कॉल किया, फिर जेल के अंदर ही जिम करते हुए अपना वीडियो रिकॉर्ड कर वायरल कराया.
वीडियो में वह यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि जेल की दीवारों के भीतर भी उसका दबदबा कायम है और उस पर किसी का नियंत्रण नहीं है.
डीजी जेल ने की कार्रवाई, अधिकारी निलंबित
वीडियो वायरल होने के बाद महानिदेशक (जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अष्टकोण अधिकारी संदीप कश्यप को निलंबित कर दिया है. मामले की आगे जांच जारी है.
यह पहली बार नहीं है जब रायपुर सेंट्रल जेल से ऐसा मामला सामने आया है. इससे पहले झारखंड के गैंगस्टर अमन साव की भी जेल के अंदर से फोटो वायरल हुई थी.
बाद में अमन साव झारखंड पुलिस के एनकाउंटर में मारा गया था. उस समय भी जेल प्रशासन पर मिलीभगत और सुरक्षा चूक के आरोप लगे थे.