शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पेंड्रा: कपड़ों के तार में फैला करंट, 16 साल के किशोर की मौत

C

CG Khabar

21 सित. 2026, 01:56 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

करेंट से मौत
करेंट से मौत

पेंड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के पेंड्रा क्षेत्र स्थित खरड़ी गांव में रविवार शाम हुई भीषण बारिश से घर के आंगन में गीले कपड़े सुखाते समय लोहे के तार में अचानक फैले करंट ने पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर किशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में उसके माता-पिता भी गंभीर रूप से झुलस गए.


घटना के बाद लहूलुहान अवस्था में तीनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने किशन को मृत घोषित कर दिया. उपचार के बाद उसके पिता विकेश सिंह को होश आ गया है. 

विज्ञापन


वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और वैधानिक कार्रवाई पूरी कर देह परिजनों को सौंप दी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


हादसे का घटनाक्रम रविवार शाम का है जब खेत में काम खत्म कर लौटे विकेश सिंह बारिश से भीगे कपड़े आंगन में बंधे तार पर सुखाने गए थे. तार में पहले से प्रवाहित हो रहे बिजली के तेज करंट की चपेट में आते ही विकेश बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े. पति को इस हाल में देख पत्नी रहमत बाई उन्हें बचाने दौड़ीं, लेकिन छूते ही वे भी करंट के झटके से दूर जा छिटकीं. 


अपने माता-पिता को तड़पता देख 16 साल का बेटा किशन मदद के लिए आगे बढ़ा, पर बदनसीबी से वह भी सीधे करंट वाले तार के संपर्क में आ गया और उसकी जान चली गई.


होश में आने पर रहमत बाई के चीखने-चिल्लाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने सूखी लकड़ियों के सहारे किसी तरह बिजली के तार को हटाया. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP