शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पेंड्रा: सड़क हादसे में कॉलेज छात्रा की मौत

C

CG Khabar

20 जून 2026, 06:02 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

पेंड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के पेंड्रा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सोन नदी पुल पर एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने मोपेड को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक दुर्घटना में मोपेड पर पीछे बैठी बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चला रहे उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. 


सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची कोटमी चौकी और पेंड्रा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घायल पिता को नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनका उपचार चल रहा है.

विज्ञापन


मिली जानकारी के मुताबिक, कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम अमझर के रहने वाले कृपाल सिंह शनिवार सुबह अपनी बेटी गायत्री को मोपेड पर बैठाकर पेंड्रा कॉलेज जा रहे थे. गायत्री बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और उसकी कॉलेज में परीक्षा थी. जैसे ही पिता-पुत्री परीक्षा केंद्र पहुँचने वाले थे, तभी कोटमी के सोन नदी पुल पर यह भयावह हादसा हो गया.


घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुल के ऊपर एक ट्रक तेजी से दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही मोपेड का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक के बेहद करीब आ गई. रफ्तार अधिक होने के कारण पिता-पुत्री सीधे ट्रक की चपेट में आ गए. 


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनास्थल के आस-पास मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए हैं और आरोपी चालक की धरपकड़ के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार ट्रक और उसके ड्राइवर का पता लगाकर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP