शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बलरामपुर में पटवारी और सूरजपुर में बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार

H

Hupendra Sharma

10 सित. 2025, 01:57 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

रिश्वत लेते गिरफ्तार
रिश्वत लेते गिरफ्तार

बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर और सूरजपुर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो यानी एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. बलरामपुर में पटवारी को 13 हजार रुपए और सूरजपुर में भू-अभिलेख कार्यालय के बाबू को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है.


बलरामपुर जिले के पंडरी गांव निवासी किसान प्रियांशु दुबे ने अपनी पैतृक जमीन का बंटवारा कराने के लिए पटवारी कार्यालय में आवेदन दिया था.


किसान का आरोप है कि पटवारी बार-बार काम को टालता रहा. जिससे वह परेशान हो गया.


अंत में पटवारी ने जमीन बंटवारे का कार्य करने के लिए 13 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की.


दुबे ने रिश्वत देने के बजाय इस मामले की शिकायत सीधे एसीबी से कर दी.


शिकायत की पुष्टि करने के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और तय समय पर जैसे ही पटवारी ने किसान से 13 हजार रुपये लिए, उसे रंगे हाथों पकड़ लिया.


कार्रवाई के दौरान एसीबी ने मौके से पूरी रिश्वत की रकम बरामद की है. आरोपी पटवारी को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा.


सूरजपुर में बाबू गिरफ्तार

एक अन्य मामला सूरजपुर भू अभिलेख कार्यालय का है. एसीबी की टीम ने यहां बाबू को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते धर दबोचा है.


भू अभिलेख कार्यालय में पदस्थ बाबू प्रमोद यादव ने एक जमीन का नक्शा काटने के नाम पर सौरभ सिंह आडिल से 20 हजार रुपए की मांग की थी.


इसकी शिकायत पर एसीबी की टीम कार्रवाई की. योजना के मुताबिक बुधवार को प्रार्थी को रिश्वत की रकम पकड़ा कर बाबू के पास भेजा गया.


जैसे ही बाबू से रिश्वत की रकम ली एसीबी की टीम ने भू-अभिलेख शाखा में दबिश देकर रिश्वतखोर बाबू को रंगे हाथों पकड़ लिया.


एसीबी के अधिकारी मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP