अब पटेल इंजीनियरिंग करेगा छत्तीसगढ़ में कोयले की खुदाई
रायपुर | संवाददाता: पटेल इंजीनियरिंग को छत्तीसगढ़ में कोयला खनन से जुड़े दो बड़े काम मिले हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 800 करोड़ रुपये के आसपास है. ये काम उन्हें सईडैक्स इंजीनियर्स एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर्स की तरफ से मिले लेटर ऑफ इंटेंट के ज़रिए मिले हैं. कंपनी का कहना है कि दोनों प्रोजेक्ट की कुल कीमत 798.19 करोड़ रुपये है, इसमें टैक्स शामिल नहीं है.
इन प्रोजेक्ट्स के तहत पटेल इंजीनियरिंग को बिलासपुर के हसदेव इलाके में स्थित झिरिया वेस्ट ओसीपी में पूरे खनन से जुड़ा काम करना है. इसमें खुदाई से लेकर ओवरबर्डन हटाना, कोयला काटना, उसे लोड करना और तय जगह तक पहुँचना, ये सब काम कंपनी को करना होगा. यानी खान से कोयला निकलने से लेकर उसके ट्रांसपोर्ट तक की पूरी जिम्मेदारी उन पर होगी.
कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर कविता शिर्वैकर ने कहा कि ये नए प्रोजेक्ट कंपनी की पहले से ही बड़ी टेंडर पाइपलाइन को और मजबूत करेंगे. उन्होंने बताया कि कंपनी ने लगभग 34,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा के टेंडर पर बोली लगा रखी है और कई परियोजनाएँ फिलहाल मूल्यांकन में हैं.
इसके अलावा इस वित्तीय वर्ष के खत्म होने से पहले करीब 18,000 करोड़ रुपये के नए कामों के आने की उम्मीद है, जिनमें कंपनी हिस्सा लेने की तैयारी कर रही है.
इन प्रोजेक्ट्स के मिलने से कंपनी को आने वाले कई सालों तक लगातार काम मिलता रहेगा और खनन सेक्टर में उसकी पकड़ और मजबूत होने की संभावना है.