शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बस्तर में बीते 20 दिनों से यात्री ट्रेनें बंद, मालगाड़ियां चालू

छत्तीसगढ़ के बस्तर में यात्री ट्रेन 20 दिन से बंद, दौड़ रही मालगाड़ियां

C

CG Khabar

23 जुल. 2025, 02:46 PM 3 मिनट में पढ़ें 2

बस्तर में यात्री ट्रेनें बंद, मालगाड़ी चालू
बस्तर में यात्री ट्रेनें बंद, मालगाड़ी चालू

बस्तर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में पिछले 20 दिनों से यात्री ट्रेनों के पहिए थमे हुए हैं. दरअसल 2 जुलाई को के.के (किरंदुल-कोत्तवलसा) रेल लाइन में मल्लीगुड़ा-जरती स्टेशनों के बीच लैंडस्लाइड की घटना हुई थी. जिसके बाद से के.के रेल लाइन में यात्री ट्रेनों का संचालन ओडीशा के जैपुर तक ही किया जा रहा है.


कोरापुट से विशाखापट्नम और कोरापुट से जगदलपुर किरंदुल के बीच यात्री ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से बंद है. लगातार 20 दिनों से यात्री ट्रेनें बंद होने से आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को खासी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है.

विज्ञापन


जबकि इसी रूट पर प्रतिदिन भारी संख्या में मालगाड़ियां दौड़ रही हैं.बस्तर के यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए कोरापुट तक का सफर सड़क मार्ग से करना पड़ रहा है. यात्री ट्रेनों का परिचालन बंद होने से कांग्रेस ने इसको लेकर भाजपा के जनप्रतिनिधियों को दोषी ठहराया है. वहीं भाजपा के नेता यात्री ट्रेनों को जल्द से जल्द दोबारा ट्रैक में लाने का दावा कर रहे हैं.


यात्री ट्रेनों का परिचालन बंद और माल ढुलाई जारी

दरअसल बीते 2 जुलाई को के.के (किरन्दुल- कोत्तवलसा) रेल लाइन में कोरापुट के मल्लीगुड़ा-जरती स्टेशनों के बीच लैंडस्लाइड से आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो गया.


रेलवे की रेस्क्यू टीम के द्वारा लगातार चार दिनों तक ट्रैक में गिरे मलबा को हटाया गया ,लेकिन रेलवे प्रशासन ने बरसात के मौसम को देखते हुए एहतियात के तौर पर के.के रेलमार्ग में किरन्दुल से ओड़िशा के जैपुर तक ही यात्री ट्रेन परिचालन का फैसला लिया है.


हालांकि इस दौरान मालगाड़ियों से बैलाडीला से विशाखापट्नम तक इसी रेल मार्ग में लौह अयस्क का परिवहन लगातार जारी है. हर रोज 25 से ज्यादा मालगाड़ियों से लौह अयस्क का परिवहन किया जा रहा है.


इधर इस रूट पर चलने वाली जगदलपुर विशाखापत्तनम नाईट एक्सप्रेस, जगदलपुर विशाखापटनम पैसेंजर ट्रेन, समलेश्वरी एक्सप्रेस ,हीराखंड एक्सप्रेस और राउरकेला एक्सप्रेस सभी ट्रेनों के परिचालन को रद्द कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतो का सामना करना पड़ रहा है.


यात्री ट्रेनों के बंद होने से राजनीति गरमाई 

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य का कहना है कि पिछले 2 सालों से इस रेल मार्ग में भूस्खलन के नाम से लगातार यात्री ट्रेनों के परिचालन को रोका जा रहा है. साल 2024 में भी जून के महीने में 15 दिनों के लिए यात्री ट्रेन के परिचालन पर रोक लगा दी गई थी.


वहीं इस साल भी पिछले 20 दिनों से सुरक्षा का हवाला देकर प्रशासन ने यात्री ट्रेनों के परिचालन पर रोक लगा दी है, लेकिन बैलाडीला से लौह अयस्क का परिवहन लगातार जारी है.


हर दिन 20 से 25 मालगाड़ियां इसी रूट से लौह अयस्क का परिवहन कर रही हैं. सुशील मौर्य का कहना है कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों में इस रूट में यात्री ट्रेनों को जल्द से जल्द दोबारा शुरू करवाने की इच्छाशक्ति नहीं है.


वहीं इस मामले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर के विधायक किरण देव का कहना है कि रेलवे ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस रूट पर यात्री ट्रेन परिचालन पर रोक लगाई है. रेलवे अधिकारियों से चर्चा कर जल्द से जल्द दोबारा यात्री ट्रेन का परिचालन शुरू करवाने की गुजारिश की जाएगी.


वर्तमान में इस रूट पर दो यात्री ट्रेनों किरंदुल से जैपुर और जैपुर से किरंदुल तक परिचालन हो रहा है. स्टेशन अधीक्षक हरेंद्र प्रसाद का कहना है कि जैपुर से आगे की रुट पर कब तक यात्री ट्रेन का परिचालन दोबारा शुरू होगा, इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है.


5 यात्री ट्रेनों के बंद होने से जरूर यात्रियों को परेशानी हो रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP