पाक सेना का ऑपरेशन, 30 आतंकी मारे गए
पाक सेना का ऑपरेशन, 30 आतंकी ढेर
लाहौर । डेस्क: पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान सीमा के पास खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकी संगठन 'फितना-अल-ख्वारिज' के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है. गुरुवार रात से उत्तरी वजीरिस्तान के हसन खेल इलाके में हुई मुठभेड़ में 30 आतंकियों के मारे जाने का दावा पाक सेना ने किया है.
पाक सेना के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, अफगानिस्तान से सीमा पार कर पाकिस्तान में घुसपैठ की कोशिश कर रहे इन आतंकियों को गोलीबारी में मार गिराया गया. मारे गए आतंकी फितना-अल-ख्वारिज संगठन के सदस्य थे, जो तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) का सहयोगी है.
उत्तरी वजीरिस्तान में टीटीपी की भी सक्रियता है. पिछले साल से दोनों आतंकी संगठन मिलकर पाक सेना पर हमले कर रहे हैं. पहले यह इलाका 'हक्कानी नेटवर्क' के नियंत्रण में था, जिसे पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई का समर्थन प्राप्त था.
हक्कानी नेटवर्क के नेता सिराजुद्दीन हक्कानी अफगानिस्तान के गृहमंत्री रह चुके हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने काबुल छोड़ दिया. पिछले दिसंबर में उनके चाचा और अफगान शरणार्थी मामलों के मंत्री खलील हक्कानी की काबुल में आत्मघाती हमले में मौत हो गई थी. इसके बाद उत्तरी वजीरिस्तान पर फितना-अल-ख्वारिज का कब्जा हो गया.
पिछले हफ्ते उत्तरी वजीरिस्तान में पाक सेना के काफिले पर आत्मघाती हमले में 16 सैनिक मारे गये थे. इसके बाद से पाक सेना ने इस इलाके में नये सिरे से अभियान शुरू किया है.