IED विस्फोट में ग्रामीण की मौत
नारायणपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में संदिग्ध नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में आकर राजेश उसेंडी नामक एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि रामलाल कोर्राम नामक एक अन्य ग्रामीण बुरी तरह से घायल हो गया.
पुलिस के अनुसार काना गांव के रहने वाले राजेश और रामलाल, दोनों ही ग्रामीण फूल झाड़ू तोड़ने जड्डा- मरकुड जंगल में गए हुए थे. इसी दौरान दोनों ही ग्रामीण संदिग्ध नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आ गए. आईईडी विस्फोट में राजेश उसेंडी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामलाल कोर्राम गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल रामलाल को इलाज के लिए नारायणपुर जिला अस्पताल लाया गया. जहां आरंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर भेजा गया है.
ब्लास्ट में राजेश उसेंडी के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई थी, वहीं रामलाल कोर्राम के गले,मुंह और चेहरे पर काफी गंभीर चोट आई है.
आईईडी की चपेट में आकर इस साल 5 लोगों की गई जान
नारायणपुर एडिशनल एसपी सुशील नायक ने बताया कि इस साल अब तक नारायणपुर जिले में 15 से अधिक आईईडी बरामद किए गए हैं. नक्सली आये दिन सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए आईईडी लगाते हैं ,लेकिन इन विस्फोटों की चपेट में आम ग्रामीण आ रहे हैं.
उन्होंने बताया कि हाल ही में ओरछा के कुरुषनार गांव में भी इसी प्रकार की घटना में ग्रामीण की मौत हो चुकी है.
एडिशनल एसपी ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में संदिग्ध वस्तु आईईडी जैसी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दे ताकि समय रहते आईईडी को निष्क्रिय किया जा सके.