OMG! नई साइबर ठगी- 'प्रेगनेंट जॉब' की वैकेंसी
पुणे । डेस्क: साइबर अपराधी हर दिन और हर पल ठगी के नए-नए तरीके ईजाद कर रहे हैं, और इन जालसाजियों में फँसकर कई लोग अपनी जीवन भर की गाढ़ी कमाई खो रहे हैं. अब एक नई और चौंकाने वाली ठगी का मामला सामने आया है. महाराष्ट्र के पुणे में एक ठेकेदार 'प्रेगनेंट जॉब' के विज्ञापन के झांसे में आकर लाखों रुपये गंवा बैठा.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाल ही में उस ठेकेदार ने अपने मोबाइल पर एक विज्ञापन देखा था. ठेकेदार का दावा है कि उस विज्ञापन वीडियो में एक महिला ने हिंदी में कहा, "मुझे गर्भवती करने वाले पुरुष को 25 लाख रुपये दिए जाएंगे. वह व्यक्ति पढ़ा-लिखा हो या न हो, जाति, धर्म, रंग, कोई भी चीज इस काम में बाधा नहीं बनेगी."
ठेकेदार ने बताया कि वीडियो देखते ही उन्होंने उसमें दिए गए नंबर पर फोन किया. फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को 'प्रेगनेंट जॉब' संस्था का कर्मचारी बताया. उस व्यक्ति ने ठेकेदार को बताया कि उन्हें 'प्रेगनेंट जॉब' के लिए अपना नाम रजिस्टर कराना होगा, जिसके बाद उन्हें एक पहचान पत्र दिया जाएगा.
ठेकेदार उनकी बातों में आ गए और नाम रजिस्टर कराने के लिए तैयार हो गए.
इसके बाद, ठेकेदार के पास बार-बार फोन आने शुरू हो गए. उनसे कभी रजिस्ट्रेशन, कभी पहचान पत्र, जीएसटी, टीडीएस, डेटा वेरिफिकेशन, प्रोसेसिंग, और कई अन्य चीजों के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे मांगे गए.
पुलिस ने बताया कि ठगों ने ठेकेदार की लालसा का फायदा उठाया और उन्हें तरह-तरह के प्रस्तावों का लालच देकर ठगी के जाल में फँसाना शुरू कर दिया.
इस तरह, ठेकेदार ने लगभग 100 किस्तों में यूपीआई और IMPS के माध्यम से कुल ₹11 लाख का लेनदेन किया. पैसे मिलते ही ठगों ने ठेकेदार को ब्लॉक कर दिया.
जब ठेकेदार को एहसास हुआ कि वह साइबर अपराधियों का शिकार हो गए हैं, तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस मामले की जाँच कर रही है.