शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

महानदी जल विवाद: ओडिशा सीएम अमित शाह से मिले

C

CG Khabar

06 अग. 2025, 05:38 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

ओडिशा सीएम-अमित शाह
ओडिशा सीएम-अमित शाह

भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के साथ चल रहे महानदी जल विवाद सहित राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की.


माझी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "आज नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी से शिष्टाचार भेंट की. केंद्र-राज्य समन्वय और राज्य की विभिन्न विकास पहलों पर चर्चा हुई."


मंगलवार रात को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल के साथ दिल्ली पहुंचे माझी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से भी मुलाकात की. 


उन्होंने एक पोस्ट में कहा, "आज नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल से मुलाकात की. महानदी जल विवाद पर ओडिशा की चिंताओं को उठाया और निष्पक्ष समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया. इस अवसर पर मैंने 'विजन ओडिशा 2036/2047' दस्तावेज सौंपा, जिसमें राज्य के दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा है."


इससे पहले, माझी ने कहा था कि उनकी सरकार छत्तीसगढ़ के साथ महानदी जल विवाद को बातचीत के जरिये सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने की कोशिश कर रही है. 

उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर इस मुद्दे के समाधान के लिए चर्चा की वकालत की थी.


राज्य सरकार ने यह भी बताया कि महानदी जल ट्रिब्यूनल ने दोनों राज्यों को इस विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाने के लिये और समय दिया है.


पाटिल के साथ माझी की मुलाकात इसलिये भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इस मामले को सुलझाने में केंद्र सरकार की अहम भूमिका है. विशेष रूप से, केंद्र, ओडिशा और छत्तीसगढ़, तीनों ही भाजपा शासित हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP