ओडिशा में दरिंदगी: आबरू लूट कर छत से नीचे फेंका, मौत
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले से एक रूहानी को कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 23 वर्षीय युवती के साथ एक ही दिन में दो अलग-अलग व्यक्तियों द्वारा दुष्कर्म किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, युवती अपने प्रेमी के साथ शादी करने के इरादे से घर से निकली थी, लेकिन उसके प्रेमी ने ही उसे एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे राहमा बस स्टैंड पर अकेला छोड़ दिया.
पीड़िता जब बस स्टैंड पर मदद का इंतज़ार कर रही थी, तब झारखंड के एक व्यक्ति ने सहायता के बहाने उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाया. आरोपी उसे पारादीप स्थित अपने किराए के कमरे की छत पर ले गया, जहां उसने दोबारा युवती के साथ दुष्कर्म किया और पहचान छिपाने के लिए उसे चार मंजिला इमारत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
जगतसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक अंकित कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपहरण, बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज किया गया है.
इस घटना ने राज्य में हड़कंप मचा दिया है. पूर्व मुख्यमंत्री और बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग की है.