ओडिशा में जान बचाने युवक ने तेंदुए को मार डाला
कटक । डेस्क: ओडिशा के कटक जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ नरसिंहपुर वन प्रभाग के अनंतप्रसाद गांव में एक 23 वर्षीय युवक ने अपनी जान बचाने के लिए तेंदुए से लोहा लिया और उसे मार गिराया. शुक्रवार की रात करीब 10 बजे एक तेंदुआ गांव में घुस आया था और आधी रात के बाद वह सुभ्रांशु भोल नामक युवक के फार्महाउस में दाखिल हुआ.
फार्महाउस में मौजूद दो कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर जैसे ही सुभ्रांशु ने दरवाजा खोला, तेंदुए ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया.
जान बचाने के लिए सुभ्रांशु और तेंदुए के बीच कमरे के भीतर ही खूनी संघर्ष शुरू हो गया. तेंदुए के पंजों और दांतों से बुरी तरह जख्मी होने के बावजूद सुभ्रांशु ने हार नहीं मानी और पास रखी एक सब्जी काटने वाली चाकू उठाकर तेंदुए पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई.
इस भीषण लड़ाई में सुभ्रांशु के सिर, चेहरे, हाथ और पेट पर गहरे घाव आए हैं.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान युवक को इलाज के लिए एससीबी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. वन विभाग ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.