ट्रंप के 'मंकी वीडियो' पर ओबामा ने US राजनीति को बताया 'जोकर शो'
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने डोनाल्ड ट्रंप के सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किए गए एक आपत्तिजनक वीडियो पर पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है. इस वीडियो में बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा को बंदरों के रूप में दिखाया गया था, जिसे ओबामा ने देश के राजनीतिक विमर्श में आता "निचला स्तर" और "क्लाउन शो" करार दिया है.
एक पॉडकास्ट साक्षात्कार में ओबामा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन लोगों में भी शालीनता और शर्म नहीं बची है, जिन्हें कभी पद की गरिमा और सम्मान का बोध होता था.
यह विवाद तब शुरू हुआ जब 5 फरवरी को ट्रंप के 'ट्रुथ सोशल' अकाउंट पर 2020 के चुनावी दावों से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें एक सेकंड के लिए ओबामा दंपति के चेहरों को बंदरों के शरीर पर दिखाया गया था.
व्हाइट हाउस ने शुरुआत में इसे "फर्जी आक्रोश" कहकर खारिज किया, लेकिन बाद में इसे एक स्टाफ सदस्य की गलती बताते हुए हटा लिया.
ओबामा ने इस व्यवहार को "क्रूरता" बताते हुए कहा कि अधिकांश अमेरिकी इस तरह की हरकतों से परेशान हैं और इसका खामियाजा रिपब्लिकन पार्टी को आगामी मध्यावधि चुनावों में भुगतना पड़ सकता है.
इसी बातचीत के दौरान ओबामा ने मिनेसोटा में ट्रंप प्रशासन के कड़े आव्रजन अभियान और संघीय एजेंटों की कार्रवाई की तुलना तानाशाही और अधिनायकवादी देशों के व्यवहार से की. उन्होंने इन कार्रवाइयों को खतरनाक बताया, लेकिन साथ ही उन समुदायों की प्रशंसा भी की जो "शांतिपूर्ण विरोध" और "सत्य" के साथ इस तरह के अभियानों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े हैं.