शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

स्कूल में बच्चे पर अत्याचार, शिक्षक गिरफ़्तार

कर्नाटक के स्कूलों में बच्चों पर अत्याचार की खबर

C

CG Khabar

22 अक्टू. 2025, 06:04 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

स्कूल
स्कूल

बेंगलुरू । डेस्क: कर्नाटक में 9 साल के बच्चों पर क्रूर शारीरिक दंड के दो अलग-अलग घटनाओं में शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा प्रिंसिपल और दो शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है.


कर्नाटक के चिट्रदुर्गा ज़िले के नायकानाहट्टी स्थित श्री गुरु तिप्पेरुद्रस्वामी मंदिर द्वारा संचालित एक आवासीय विद्यालय में एक नौ वर्षीय छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की घटना सामने आई है. छात्र का "अपराध" केवल इतना था कि उसने अपने शिक्षक को सूचित किए बिना घर फ़ोन किया था. यह घटना कुछ महीने पहले हुई थी, लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब कथित मारपीट का एक वीडियो क्लिप वायरल हो गया.


वीडियो में शिक्षक, टी. वीरेश, छात्र को बार-बार लात मारते हुए दिख रहे हैं, जबकि लड़का लगातार माफी मांग रहा है.


संस्कृत शिक्षक टी. वीरेश को मंगलवार को कलबुर्गी से गिरफ्तार कर लिया गया. वह वीडियो वायरल होने के बाद से फरार था. गिरफ्तारी मंदिर के कार्यकारी अधिकारी एच. गंगाधरप्पा की शिकायत के आधार पर की गई.


डिप्टी कमिश्नर टी. वेंकटेश ने मंदिर के कार्यकारी अधिकारी को भी नोटिस जारी कर पूछा है कि उन्होंने इस गंभीर घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को क्यों नहीं दी.


इधर बेंगलुरु के सुनकादकट्टे स्थित सेंट मैरीज़ पब्लिक स्कूल में भी इसी तरह की घटना सामने आई है. यहाँ पांचवी कक्षा के एक नौ वर्षीय छात्र को कथित तौर पर दो दिनों तक अनुपस्थित रहने के लिए स्कूल के अधिकारियों द्वारा शारीरिक दंड दिया गया.


यह कथित घटना 14 अक्टूबर को हुई. छात्र की मां, दिव्या शंकर ने अगले ही दिन शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर प्रिंसिपल और दो शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई.


शिकायत के अनुसार, प्रिंसिपल राकेश कुमार, शिक्षिका चंद्रिका और सचिव सह शिक्षक विजय कुमार पर बच्चे को "अनुशासित" करने के नाम पर पीवीसी पाइप से पीटने और कई घंटों तक एक कमरे में बंद रखने का आरोप है.


माता-पिता ने बच्चे के शरीर पर चोट के निशान देखने के बाद घटना के बारे में पता चला. स्कूल प्रबंधन ने कथित तौर पर अपने कृत्य को 'अनुशासन' बनाए रखने का प्रयास कहकर सही ठहराया. पुलिस ने तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस जारी कर दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP