1 दिसंबर से बदल गए आधार से चालान तक के नियम
रायपुर | संवाददाता : हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार 1 दिसंबर से भी कई नियम और प्रक्रियाओं में बदलाव हो गए हैं. ये बदलाव सीधे तौर पर आम लोगों के रोजमर्रा के काम, बजट और जरूरी सेवाओं पर असर डाल सकते हैं. इसलिए इन्हें जान लेना जरूरी है, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो.
1 दिसंबर से लागू हुए अहम बदलावों में सबसे पहले आधार से जुड़े नियम आ रहे हैं. अब आप अपने आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी ऑनलाइन अपडेट कर सकेंगे. इन जानकारियों का मिलान पैन, पासपोर्ट या अन्य सरकारी दस्तावेजों से किया जाएगा. हाल ही में आधार कार्ड का नया वर्ज़न भी लॉन्च किया गया है.
ट्रैफिक से जुड़े नियमों में भी कुछ राज्यों ने बड़े बदलाव किए हैं. अब अगर आप ऑनलाइन चालान भरते हैं, तो उस पर अतिरिक्त प्रोसेसिंग फीस लग सकती है. साथ ही, आपकी गाड़ी का PUC सर्टिफिकेट नहीं मिला तो भारी जुर्माना देना पड़ेगा.
ईपीएफओ ने भी 1 दिसंबर से अपने कई नियमों में बदलाव किए हैं. UAN को KYC से लिंक करना, ई-नॉमिनेशन अपडेट करना और मासिक पेंशन से जुड़े कुछ नियम अब पहले से अलग हो गए हैं. अगर कर्मचारी ने अपना नॉमिनेशन अपडेट नहीं किया है तो आगे चलकर उन्हें समस्याएं आ सकती हैं.
इसके अलावा एसबीआई ने भी अपनी एमकैश सुविधा 1 दिसंबर से बंद कर दी है. 30 नवंबर 2025 के बाद एमकैश के जरिए पैसे भेजना या क्लेम करना संभव नहीं होगा. बैंक ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे भुगतान के लिए UPI, IMPS, NEFT और RTGS जैसे विकल्पों का इस्तेमाल करें.