नेताजी अब एनीमे की दुनिया में, नई सीरीज 'DQN' में
टोक्यो । डेस्क: भारतीय स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस अब एनीमे की दुनिया में कदम रख चुके हैं. टोक्यो में रहने वाले भारतीय मूल के एक IIT ग्रेजुएट, कुशाग्र कुशवाह ने अपनी नई AI-पावर्ड एनीमे सीरीज 'DQN' में नेताजी को एक दमदार किरदार के रूप में पेश किया है. इस सीरीज का ट्रेलर इस महीने की शुरुआत में रिलीज हुआ, जिसने भारत के एनीमे प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है.
ट्रेलर में नेताजी को अपनी सेना का नेतृत्व करते हुए दिखाया गया है, जो एक काल्पनिक राष्ट्र अवलॉन के खिलाफ भारत की रक्षा के लिए प्रेरणादायक भाषण दे रहे हैं. अपनी सैन्य वर्दी में नेताजी कहते हैं, “कॉमरेड्स, आज हम उस मोड़ पर खड़े हैं जहां से वापसी संभव नहीं. हमारी जमीन, हमारा भविष्य और हमारी पहचान-सब कुछ कैद है. उन्होंने हमें तोड़ने की कोशिश की, लेकिन भूल गए कि हमारी रगों में आजादी का खून दौड़ता है. जरूरत पड़ी तो हम अपना खून बहाएंगे, लेकिन अवलॉन के अत्याचार के सामने कभी नहीं झुकेंगे.”
वे आगे कहते हैं, “हम कसम खाते हैं कि हमारी अगली पीढ़ियां गुलामी का नाम तक नहीं जानेंगी. उठो! डर की जंजीरों को तोड़ो और इस DQN क्रांति को वह आग दो जो अन्याय के साम्राज्य को राख कर देगी. आज हमारा संघर्ष है, कल हमारी जीत होगी.”
नेताजी के इस जोशीले भाषण के बाद अवलॉन का शासक उन्हें और अन्य विद्रोही राष्ट्रों को युद्ध की चुनौती देता है.
कुशाग्र कुशवाह और उनकी रचना
यह सीरीज टोक्यो स्थित कुशाग्र कुशवाह और उनकी स्टूडियो 4861 ने AI टेक्नोलॉजी डेवलपर और प्रोडक्शन स्टूडियो मॉर्फिक के साथ मिलकर बनाई है. यह मॉर्फिक की पहली एपिसोडिक एनीमे सीरीज है. कुशवाह इससे पहले Jojo’s Bizarre Adventure, Yugioh Sevens, Danmachi, Hensuki, Yowamushi Pedal, और Vinland Saga जैसे मशहूर एनीमे प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं. उन्होंने MAPPA, JC STAFF, David Productions, और A1 Pictures जैसे जाने-माने स्टूडियोज के साथ सहयोग किया है.
'DQN' की कहानी
अमेरिकी एंटरटेनमेंट पोर्टल वैराइटी के अनुसार, DQN एक साइबरपंक दुनिया पर आधारित है, जहां डीसेंट्रलाइज्ड नेटवर्क और AI इंटेलिजेंस का राज है. यह 12 अनजान लोगों की कहानी है, जो एक छिपे हुए तहखाने के रहस्यों को उजागर करने की होड़ में हैं, जो “सत्ता के नियमों को फिर से लिख सकता है.”
भारतीय फैंस में उत्साह
भारतीय एनीमे प्रशंसकों में नेताजी को एनीमे में देखकर जबरदस्त उत्साह है. एक फैन ने लिखा, “एक एनीमे प्रेमी, भारतीय और बंगाली होने के नाते, नेताजी को एनीमे में देखना किसी आशीर्वाद से कम नहीं.” एक अन्य ने कहा, “नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आवाज सुनकर रोंगटे खड़े हो गए... जय हिंद!”
कुछ प्रशंसकों ने नेताजी के मशहूर नारे “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” को ट्रेलर में न सुनने की कमी भी जताई. एक फैन ने लिखा, “मुझे उस पंक्ति की उम्मीद थी, काश वो शामिल होती.”
AI के इस्तेमाल पर विवाद
हालांकि, कुछ प्रशंसकों ने सीरीज में AI के भारी इस्तेमाल पर नाराजगी जताई. एक यूजर ने लिखा, “AI का इतना ज्यादा इस्तेमाल मुझे परेशान करता है.” एक अन्य ने कहा, “यह देखकर दुख होता है कि इतने सारे लोग AI के इस्तेमाल के बावजूद इसका समर्थन कर रहे हैं.”
कहां देखें?
DQN जल्द ही रिलीज होने वाली है, और यह भारतीय दर्शकों के लिए एक अनूठा अनुभव होने का वादा करती है. अधिक जानकारी के लिए, आधिकारिक वेबसाइट www.dqnanime.com पर जाएं.