NEET-UG 2026 की परीक्षा: 21 जून को दोबारा होगा एग्जाम
नई दिल्ली । डेस्क: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट-यूजी (NEET-UG) 2026 की परीक्षा को रद्द करने के बाद अब इसकी नई तारीख का ऐलान कर दिया है. 3 मई को आयोजित हुई विवादित परीक्षा अब दोबारा 21 जून, रविवार को आयोजित की जाएगी. सरकार ने इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंप दी है.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान आज इस पुन: परीक्षा के संबंध में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा करेंगे.
एनटीए के अनुसार, यह फैसला छात्रों के हितों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली की शुचिता बनाए रखने के लिए लिया गया है. जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई थी, जिसके बाद सरकार की मंजूरी से इसे रद्द करने का निर्णय लिया गया.
जांच में यह सामने आया है कि परीक्षा से कई दिन पहले एक 'गेस पेपर' सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों पर वायरल हो रहा था. राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप के अनुसार, लगभग 410 प्रश्नों वाला एक दस्तावेज परीक्षा से 15 दिन से एक महीने पहले छात्रों के बीच घूम रहा था.
चौंकाने वाली बात यह है कि इस दस्तावेज के करीब 120 सवाल असली परीक्षा के केमिस्ट्री और बायोलॉजी सेक्शन से हूबहू मिल रहे थे. राजस्थान के अलावा महाराष्ट्र के लातूर और उत्तराखंड के देहरादून जैसे शहरों में भी इसी तरह के संदिग्ध प्रश्नपत्र और कोचिंग अकादमियों की भूमिका की जांच की जा रही है.
फिलहाल इस मामले में गहन छानबीन जारी है ताकि किसी भी संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया जा सके.