शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पाक को नौसेना की गुप्त जानकारी देने के आरोप में नौसैनिक गिरफ्तार

C

CG Khabar

04 अक्टू. 2026, 03:03 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

गिरफ्तार
गिरफ्तार

कोयंबटूर । डेस्क: तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित नौसेना प्रशिक्षण संस्थान 'आईएनएस अग्राणी' से आंध्र प्रदेश पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) सेल ने भारतीय नौसेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है. 31 वर्षीय आरोपी प्रदीप मुखर्जी पर पाकिस्तानी महिला खुफिया एजेंट के बिछाए 'हनीट्रैप' में फंसकर संवेदनशील रक्षा जानकारियां साझा करने का गंभीर आरोप है.


मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले प्रदीप मुखर्जी वर्ष 2014 में भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे. वर्तमान में उनकी तैनाती विशाखापत्तनम स्थित पूर्वी नौसेना कमान में थी. हाल ही में वह एक प्रबंधन विकास पाठ्यक्रम (मैनेजमेंट डेवलपमेंट कोर्स) में भाग लेने के लिए कोयंबटूर पहुंचे थे, जहां वह लगभग एक सप्ताह से ठहरे हुए थे. इसी दौरान शनिवार को सीआई सेल ने उन्हें हिरासत में ले लिया.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले सोशल मीडिया पर एक पाकिस्तानी महिला खुफिया ऑपरेटिव ने उनसे संपर्क साधा था. धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ाकर आरोपी को अपने जाल में फंसा लिया गया. इसके बाद नौसैनिक ने विशाखापत्तनम नौसेना बेस की रणनीतिक संपत्ति, युद्धपोतों की आवाजाही और परिचालन व्यवस्था से जुड़ी बेहद संवेदनशील एवं गुप्त जानकारियां पाकिस्तानी हैंडलर के साथ साझा कर दीं.


संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों का सुराग मिलने के बाद खुफिया एजेंसियों ने प्रदीप मुखर्जी पर निगरानी रखनी शुरू की थी. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहनता से जांच कर रही हैं कि कितनी मात्रा में और किस तरह की महत्वपूर्ण जानकारी लीक हुई है. इसके साथ ही इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस जासूसी के बदले आरोपी को हवाला या डिजिटल पेमेंट के जरिए आर्थिक लाभ पहुंचाया गया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP