मुस्लिम आबादी कभी हिंदुओं से ज्यादा नहीं होगी- ओवैसी
हैदराबाद । डेस्क: एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मुस्लिम जनसंख्या वृद्धि को लेकर किए जाने वाले दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. तेलंगाना के निज़ामाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि मुस्लिम आबादी कभी भी हिंदू आबादी से आगे नहीं निकलेगी और इस तरह के डर केवल राजनीतिक फायदे के लिए फैलाए जा रहे हैं.
ओवैसी ने केंद्र सरकार और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब देश की 60 प्रतिशत आबादी 40 वर्ष से कम उम्र की है, तब सरकार उनके रोजगार और कौशल विकास पर बात करने के बजाय जनसंख्या के नाम पर मुसलमानों को निशाना बना रही है.
उन्होंने कहा कि जल्द ही देश की आबादी स्थिर हो जाएगी और आने वाले दशकों में भारत के सामने 'बुजुर्ग होती जनसंख्या' एक बड़ी आर्थिक चुनौती होगी.
इसके अलावा, ओवैसी ने टी20 विश्व कप में पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की खबरों पर भी सख्त प्रतिक्रिया दी. उन्होंने पाकिस्तानी टीम को "निकम्मा" बताते हुए कहा कि अगर वे भारत में आकर खेलने से मना कर रहे हैं, तो उन्हें तुरंत देश से बाहर भेज देना चाहिए था. उन्होंने मोदी सरकार पर चीन और बाहरी सुरक्षा के मुद्दों पर चुप्पी साधने का भी आरोप लगाया.