रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

शराब के लिये पैसे मांगने पर मां ने की बेटे की हत्या

C

CG Khabar

03 जुल. 2026, 03:00 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

हत्या
हत्या

धमतरी । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कुरुद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गोजी में एक मां ने अपने ही सगे बेटे की जीवनलीला समाप्त कर दी. रोंगटे खड़े कर देने वाले इस हत्याकांड में मृतक का छोटा भाई भी बराबर का भागीदार निकला. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है.


इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब बीती 29 जून को गांव के ही 23 वर्षीय युवक नरसिंग साहू का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला था. शुरुआत में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा था और बिरेझर चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था. 

विज्ञापन


लेकिन जब शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, तो पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए. डॉक्टरों ने साफ किया कि युवक ने खुदकुशी नहीं की थी, बल्कि उसका गला घोंटकर बेरहमी से मर्डर किया गया था और फिर वारदात को छिपाने के लिए शव को फंदे पर लटकाया गया.


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिले सुराग के बाद पुलिस ने जब मृतक की 60 वर्षीय मां कमला बाई साहू और उसके 22 वर्षीय भाई नरेश साहू को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया. 


आरोपियों ने बताया कि नरसिंग आए दिन शराब के नशे में धुत रहता था और घटना के दिन भी वह शराब पीने के लिए पैसों की जिद कर रहा था. जब मां-भाई ने पैसे देने से मना किया, तो वह विवाद और मारपीट पर उतारू हो गया. 


इसी बात से गुस्साए मां और भाई ने मिलकर पहले उसका गला दबाया, फिर रस्सी से कसकर उसे मौत के घाट उतार दिया. दरिंदगी की हद तो तब पार हो गई जब दोनों ने यह पक्का करने के लिए कि नरसिंग जिंदा न बचे, उसे कीटनाशक भी पिला दिया. 


इसके बाद पूरी साजिश के तहत शव को फांसी पर टांग दिया गया ताकि यह एक सुसाइड नजर आए. फिलहाल, पुलिस ने हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP