वेनेजुएला में 600 से अधिक कैदी रिहा- अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी
काराकास । डेस्क: वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने शुक्रवार को घोषणा की कि देश में अब तक 600 से अधिक कैदियों को रिहा किया जा चुका है. यह संख्या मानवाधिकार समूहों द्वारा लगाए गए अनुमानों से कहीं अधिक है. रोड्रिग्ज ने मानवाधिकार समूहों के आंकड़ों को 'झूठ' करार देते हुए कहा कि दिसंबर से अब तक कुल 626 कैदी मुक्त किए गए हैं और उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त से इन आंकड़ों की पुष्टि करने का आग्रह किया है.
यह घटनाक्रम 3 जनवरी को कारकास में अमेरिकी बमबारी के बाद समाजवादी नेता निकोलस मादुरो को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद सामने आया है. मादुरो की विदाई के बाद नई सरकार ने जेलों में बंद उनके विरोधियों को बड़ी संख्या में रिहा करने का वादा किया था, जिसकी वाशिंगटन ने भी सराहना की थी.
हालांकि, जमीनी स्तर पर यह प्रक्रिया बेहद धीमी गति से चल रही है. वेनेजुएला के प्रमुख मानवाधिकार संगठन 'फोरो पेनल' का कहना है कि अब तक केवल 155 राजनीतिक कैदी ही रिहा हुए हैं, जबकि 700 से अधिक लोग अभी भी हिरासत में हैं.
इस बीच, काराकास स्थित कुख्यात 'हेलिकोइड' जेल के बाहर कैदियों के परिजन अपने अपनों की रिहाई के इंतजार में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं.
राजनीतिक उथल-पुथल के साथ-साथ वेनेजुएला में आर्थिक बदलाव भी तेजी से हो रहे हैं. मादुरो के बाद सत्ता संभालने वाली डेल्सी रोड्रिग्ज को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का समर्थन प्राप्त है. ट्रम्प ने हाल ही में रोड्रिग्ज के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए संकेत दिया था कि वेनेजुएला के तेल भंडार तक पहुंच से अमेरिका और समृद्ध होगा.
इसी दिशा में वेनेजुएला के सांसदों ने तेल क्षेत्र को निजी निवेशकों के लिए खोलने की योजना को प्रारंभिक मंजूरी दे दी है, जिससे अमेरिकी तेल कंपनियों की वापसी का रास्ता साफ हो गया है.
दूसरी ओर, मादुरो समर्थकों ने तेल संसाधनों पर विदेशी नियंत्रण का विरोध करते हुए सड़कों पर उतरकर 'चाविस्मो' विचारधारा के समर्थन में नारेबाजी की और मादुरो की रिहाई की मांग की.