'मोदी ट्रंप को खुश करना बंद करें, देश के हितों के साथ समझौता न हो'
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जेमिसन ग्रीर की दो दिवसीय भारत यात्रा के बीच देश में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उन्हें अपने "खास दोस्त" अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुश करना बंद करना चाहिए.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि भारत को किसी भी ऐसे व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए, जो वर्तमान में पूरी तरह से अमेरिकी हितों के पक्ष में और भारत के खिलाफ है.
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि फरवरी 2026 में दोनों देशों के बीच एक संयुक्त बयान जारी हुआ था, जिसके तहत अमेरिका ने भारतीय निर्यात पर टैरिफ 25% से घटाकर 18% करने का वादा किया था. इसके बदले भारत ने अमेरिकी कृषि और औद्योगिक उत्पादों पर आयात शुल्क खत्म करने या भारी कटौती करने और 5 साल में 500 अरब डॉलर की खरीदारी करने की बात कही थी.
लेकिन अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति ट्रंप की 'रेसिप्रोकल टैरिफ रणनीति' को अवैध घोषित करने के बाद स्थितियां बदल चुकी हैं और अमेरिका ने उल्टा सभी व्यापारिक भागीदारों पर 10% का अस्थायी टैरिफ लगा दिया है.
कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि इस समझौते से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के भारतीय किसानों पर बेहद बुरा असर पड़ेगा.
उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत के खिलाफ अनुचित व्यापार प्रथाओं की जांच की धमकी देकर इस समझौते पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बना रहा है.
जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी को सलाह दी कि वे मलेशिया से प्रेरणा लें, जिसने हाल ही में अमेरिका के साथ अपने व्यापारिक सौदे को ठुकरा दिया है. उन्होंने साफ किया कि भारत को किसी भी दबाव में आकर ऐसे 'नुकसानदेह सौदे' पर मुहर नहीं लगानी चाहिए.