मॉडार्ना ने तैयार की बर्ड फ्लू की नई 'mRNA' वैक्सीन
नई दिल्ली । डेस्क: दुनियाभर में पिछले एक साल से बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) को लेकर गहरी चिंता जताई जा रही है. इस वायरस के तेजी से बदलते स्वरूप ने वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की नींद उड़ा दी है, क्योंकि यह इतनी गति से म्यूटेट हो रहा है कि इसे रोकना एक बड़ी चुनौती बन गया है.
इस बीच, अमेरिकी दवा निर्माता कंपनी मॉडार्ना ने एक राहत भरी खबर दी है. मॉडार्ना ने मैसेंजर आरएनए या ‘mRNA’ तकनीक का इस्तेमाल कर बर्ड फ्लू की एक नई वैक्सीन विकसित की है, जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि यह वायरस के प्रतिरोधी रूपों को भी मात देने में सक्षम होगी.
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या बर्ड फ्लू का वायरस इंसानों के लिए एक नई महामारी का रूप ले सकता है? हाल के आंकड़े बताते हैं कि यह डर निराधार नहीं है. दुनिया के कई हिस्सों के साथ-साथ भारत के पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी इंसानों के इस वायरस से संक्रमित होने की खबरें सामने आई हैं.
अब तक यह माना जाता था कि बर्ड फ्लू मुख्य रूप से बत्तख और मुर्गी पालन केंद्रों तक ही सीमित रहता है या प्रवासी पक्षियों के जरिए फैलता है, लेकिन वर्तमान में एच5एन1 (H5N1) वायरस ने अपनी प्रकृति को इस कदर बदल लिया है कि अब जानवर और इंसान दोनों ही इसकी चपेट में आ रहे हैं.
इस वायरस का संक्रमण बेहद संक्रामक है. संक्रमित पक्षी के संपर्क में आने से यह अन्य जीवों में फैलता है और अब इंसानों में भी संक्रमित व्यक्ति की छींक, खांसी, लार या मल-मूत्र के जरिए इसके प्रवेश की क्षमता विकसित हो गई है. खासकर पोल्ट्री फार्म में काम करने वाले लोग और कच्चे मांस के विक्रेता सबसे अधिक जोखिम में हैं.
मॉडार्ना के अनुसार, उनकी नई वैक्सीन 'mRNA-1018' का क्लिनिकल ट्रायल अपने अंतिम चरण में है. वर्तमान में लगभग चार हजार लोगों पर इसका परीक्षण किया जा रहा है, जिसके बाद इसके व्यापक प्रभाव का आकलन होगा. सफलता मिलने पर कंपनी जल्द ही इसके व्यावसायिक उपयोग की अनुमति मांगेगी.
हालांकि बाजार में पहले से ही इन्फ्लूएंजा के टीके उपलब्ध हैं, लेकिन मॉडार्ना का दावा है कि यह नया टीका न केवल बर्ड फ्लू बल्कि इन्फ्लूएंजा के अन्य खतरनाक स्ट्रेन जैसे H7N9 पर भी प्रभावी होगा. भारत में वर्तमान में ये दोनों स्ट्रेन सक्रिय हैं, ऐसे में यह वैक्सीन भविष्य की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक गेम-चेंजर साबित हो सकती है.