छात्राओं से अभद्रता: कोरिया में डॉक्टर निलंबित, विभागीय जांच शुरू
बैकुंठपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में सोनहत क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुघरा में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान एक नेत्र सहायक अधिकारी पर छात्राओं के साथ अशोभनीय आचरण करने का गंभीर आरोप लगा है. मामला संज्ञान में आते ही स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कदम उठाते हुए आरोपी कर्मचारी को निलंबित कर दिया है.
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत विद्यालय में छात्राओं के लिए नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया था. जांच प्रक्रिया के दौरान ही कुछ छात्राओं ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए अभद्रता का आरोप लगाया. इस घटनाक्रम की सूचना मिलते ही आरबीएसके के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद यादव ने तत्काल सोनहत के खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) को अवगत कराया.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बीएमओ स्वयं विद्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. अभिभावकों की उपस्थिति में प्रभावित छात्राओं के बयान दर्ज किए गए. लिखित और मौखिक कथनों के आधार पर प्राथमिक जांच में नेत्र सहायक अधिकारी आरबी दिवाकर को दोषी पाया गया. बीएमओ द्वारा तैयार की गई जांच रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के माध्यम से उच्च अधिकारियों को भेजी गई.
प्राथमिक जांच रिपोर्ट पर कड़ा रुख अपनाते हुए सरगुजा संभाग के स्वास्थ्य सेवाओं के संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने सोनहत सीएचसी में पदस्थ आरोपी नेत्र सहायक अधिकारी आरबी दिवाकर को तुरंत प्रभाव से सेवा से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया. निलंबन की इस कार्रवाई के साथ ही विभाग ने आरोपी के खिलाफ औपचारिक जांच की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है.