ट्रंप के 'ईरान युद्ध' भाषण पर तालियां बजाकर फंसे मेसी
ट्रंप के 'ईरान युद्ध' भाषण पर तालियां बजाकर फंसे मेसी, सोशल मीडिया पर भारी विरोध
वाशिंगटन । डेस्क: वाशिंगटन डीसी में इंटर मियामी की एमएलएस खिताबी जीत का जश्न मनाने के लिए आयोजित एक व्हाइट हाउस कार्यक्रम में लियोनेल मेसी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात विवादों में घिर गई है. इस कार्यक्रम के दौरान जब राष्ट्रपति ट्रंप ईरान पर सैन्य हमलों और युद्ध की रणनीतियों का बखान कर रहे थे, तब मंच पर उनके साथ खड़े मेसी द्वारा तालियाँ बजाने को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी तीखी आलोचना हो रही है.
गुरुवार को आयोजित इस समारोह में ट्रंप ने मेसी की प्रशंसा करते हुए उन्हें व्हाइट हाउस में आमंत्रित करना अपना सौभाग्य बताया था. हालांकि, खेल के इस जश्न के बीच ट्रंप ने राजनीतिक और सैन्य मुद्दों पर बोलना शुरू कर दिया.
Lionel Messi CLAPS when President Trump talks about his plan to defeat Iran 🇮🇷
— Halal Nation 𓃠 (@HalalNation_) March 5, 2026
Messi fans? pic.twitter.com/FtYmEAP2sa
उन्होंने ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष और अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिकी सेना दुश्मन को पूरी तरह तबाह कर रही है. इन टिप्पणियों के दौरान मेसी और इंटर मियामी की टीम को तालियाँ बजाते देखा गया, जिसके बाद फिलीस्तीनी-अमेरिकी लेखक अली अबुनिमा और स्पेनिश पत्रकार लेयला हामिद सहित कई जानकारों ने मेसी पर राजनीति में घसीटे जाने और संवेदनशील मानवीय मुद्दों पर संवेदनहीनता दिखाने का आरोप लगाया है.
पत्रकार लेयला हामिद ने इस घटना को "अजीब" बताते हुए कहा कि ईरान में हालिया बमबारी में सैकड़ों बच्चों की जान गई है, ऐसे में एथलीटों का इस तरह के राजनीतिक मंच का हिस्सा बनना निराशाजनक है.
कार्यक्रम में मेसी के साथ लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल भी मौजूद थे. ट्रंप ने इस दौरान मेसी की तुलना पेले से की और बताया कि उनके बेटे बैरन भी मेसी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं. कार्यक्रम के अंत में मेसी ने ट्रंप को एक हस्ताक्षरित फुटबॉल भेंट की, जबकि टीम प्रबंधन ने उन्हें जर्सी और घड़ी उपहार में दी.
मेसी, जो आमतौर पर राजनीतिक बयानों से बचते हैं, अब युद्ध जैसे गंभीर मुद्दे पर ट्रंप का समर्थन करने के आरोपों के कारण दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों के निशाने पर हैं.