MCB: आकाशीय बिजली से 3 लोगों की मौत, 5 गंभीर रूप से घायल
मनेन्द्रगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में मंगलवार को मूसलाधार बारिश के दौरान गाज गिरने से बड़ा हादसा हो गया. अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं.
खड़गवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. मनीष के अनुसार, पहली घटना खड़गवां ब्लॉक के शिवपुर गांव में हुई, जहां बिजली गिरने से दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
वहीं दूसरी घटना मंगोरा ग्राम पंचायत में सामने आई, जहां एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई. इन हादसों में कुल आठ लोग प्रभावित हुए, जिनमें से पांच घायलों को तुरंत खड़गवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर इलाज मिलने से सभी घायल अब खतरे से बाहर हैं.
घटना की सूचना मिलते ही खड़गवां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शवों को पोस्ट-मॉर्टम के लिए भेज दिया. इस दुखद हादसे के बाद प्रभावित गांवों में मातम का माहौल है. प्रशासन और स्थानीय लोगों ने खराब मौसम के दौरान नागरिकों से घरों के अंदर रहने, खुले मैदानों, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की अपील की है.