कुर्ला में गिरा विशाल क्रेन, 10 से ज्यादा लोग घायल, ट्रेन सेवाएं प्रभावित
मुंबई । डेस्क: मुंबई के कुर्ला ईस्ट इलाके में शुक्रवार तड़के महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेव्लेपमेंट ऑथारिटी के बेदखली और तोड़फोड़ अभियान की तैयारियों के दौरान एक विशाल क्रेन अनियंत्रित होकर पास के मकानों पर जा गिरी. इस हादसे में 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. तड़के करीब 3 बजे इंदिरा नगर स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के पीछे बंटरा भवन के पास यह घटना घटी.
बीएमसी के एल-वार्ड कर्मचारियों के अनुसार, महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेव्लेपमेंट ऑथारिटी की टीम इलाके में कार्रवाई की तैयारी कर रही थी और उसी दौरान क्रेन को लगाया जा रहा था, तभी वह अचानक पलट गई.
हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और स्थानीय वार्ड का अमला तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचा. सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से छह घायलों का इलाज बीएमसी के सायन अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य को भाभा अस्पताल ले जाया गया.
डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है.
इस हादसे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है. अधिकारियों के मुताबिक, क्रेन का एक हिस्सा ओवरहेड बिजली के तारों पर गिर जाने के कारण कुर्ला-ट्रॉम्बे सिंगल लाइन रूट पर मालगाड़ियों की आवाजाही बाधित हो गई है.
गौरतलब है कि मुंबई में क्रेन गिरने की यह पहली घटना नहीं है. ठीक एक महीने पहले मीरा रोड स्थित जेपी नॉर्थ सोसाइटी में भी एक क्रेन हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी. फिलहाल पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं.