माओवादियों ने की पूर्व सरपंच की हत्या
बीजापुर में माओवादियों ने की पूर्व सरपंच की हत्या
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में संदिग्ध माओवादियों ने एक पूर्व सरपंच की हत्या कर दी है. घटना रविवार देर रात की है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
ग्रामीणों के मुताबिक मामला बीजापुर जिले के मोदकपाल थाना क्षेत्र के चिन्नाकोडेपाल गांव की है.
बताया गया कि बीती रात को कुछ हथियार बंद कथित माओवादी पूर्व सरपंच विजय जव्वा के घर पहुंचे. उस समय विजय अपने घर में आराम कर रहा था. माओवादियों ने जबरदस्ती दरवाजा खुलवाया और पूर्व सरपंच को पकड़ कर अपने साथ ले गए.
इसके बाद धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने के बाद शव को गांव के रास्ते पर छोड़ दिया. सोमवार सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई. तत्काल ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी.
पूर्व सरपंच विजय जव्वा वर्तमान में वार्ड पंच भी था. हालांकि, इस वारदात की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है.
ज्ञात हो कि बीजापुर जिले में ही अब तक सबसे ज्यादा माओवादियों को सुरक्षा बलों ने मारा है.
इसी वजह से बौखलाए माओवादी इस इलाके में ग्रामीणों पर मुखबिरी का आरोप लगाकर उनकी हत्या कर रहे हैं.