25 लाख के इनामी माओवादी दंपति का समर्पण
25 लाख के इनामी माओवादी दंपति ने किया आत्मसमर्पण
सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में सक्रिय कथित माओवादी दंपति जोरिगे नागराजू उर्फ कमलेश अपनी पत्नी मेदका ज्योतिश्वरी उर्फ अरुणा के साथ आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा में आत्मसमर्पण किया है.
दोनों ने करीब 34 सालों से अधिक समय तक माओवादी संगठन में काम किया है. आंध्रप्रदेश के डीजीपी हरीश कुमार गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है.
कथित माओवादी जोरिगे वर्तमान में पूर्वी बस्तर संभागीय समिति के प्रभारी के रूप में कार्यरत था. साथ ही दंडकारण्य विशेष जोनल समिति में स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर (SZCM) के पद पर था.
जोरिगे पर छत्तीसगढ़ में 25 लाख और आंध्रप्रदेश में 20 लाख रुपए का इनाम घोषित था.
वहीं उनकी पत्नी अरुणा डिवीसीएम (डिविजनल कमेटी मेंबर) थी. उस पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था.
कहा जा रहा है कि माओवादी पार्टी की विफलताओं और सेंट्रल कमेटी की नीतियों से निराश होकर इस दंपती ने आत्मसमर्पण करने का निर्णय लिया है.
आत्मसमर्पण करने पर दंपति को तत्काल राहत के रूप में 20 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए गए.
वहीं आंध्र प्रदेश में ही माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन में जवानों की टीम ने अल्लूरी सीतारामाराजू जिले में हथियारों का जखीरा जब्त किया है.
इनमें कुल 18 हथियार शामिल हैं. जिसमें 1 एके-47, 2 बीजीएल, 5 एसएलआर, 2 इंसास राइफल, 606 जिंदा राउंड कारतूस, 37 किलोग्राम कार्डेक्स तार और अन्य सामान शामिल है.